Sunday, March 28, 2021

होली एक दिन नहीं जीवनभर।

होली मतलब रंग, उमंग, उल्लास व उत्साह है। क्या आप आज भी उन सभी बुरी बातें व  व्यर्थ की चीजों को संभाल कर रखना पसंद करेंगे जो आपके आनंद में बाधक हैं, नहीं ना। 
तो.... आज के दिन हम उन सभी चीजों को जला देते हैं। यह बसंत रितु का एक बहुत महत्वपूर्ण दिन है जो आपको याद दिलाता है कि आपके चारों ओर रंग बिरंगे फूल खिले हैं। और इसी कारण इसे रंगों के त्योहार के रूप में मनाया जाता है। रंग प्रतीक हैं उल्लास का, गीत का न्रत्य का। क्या आप जानते हैं आप सभी के जीवन में सात का बड़ा आंकड़ा है, संगीत के सात सुर, इंद्रधनुष के सात रंग, सात फेरे, टौने टोटके में सात। और अन्य अनेक प्रकार के सात के आंकड़े जाने अनजाने हमारे जीवन में बने रहते हैं।
बहरहाल, इन सभी में संगीत हमारे जीवन को सर्वाधिक प्रभावित करता है। क्योंकि आप चाहें या न चाहें, अनजाने ही आप अपने दैनिक जीवन में संगीत से जुड़े रहते हैं। कोई भी उत्सव हो, आपको संगीत सुनाई पड़ ही जाएगा। ये और बात है कि जिनका जीवन बिल्कुल सतही है उन्हें आजकल सिर्फ डी जे पसंद है। मगर आप संगीत से नहीं भाग सकते । तो.. ये उल्लास है, ये उत्साह है और असल मायने में आनंदित रहने का सबसे बड़ा साधन है। तो होली का असल मतलब उल्लास है। जो संगीत से पूर्ण होता है।
आजकल में देखता हूं, दुर्भाग्य से संगीत के जो विद्यार्थी हैं वे भी अपने जीवन में  संगीत के बजाय सभी गेरजरूरी साधन इकट्ठे करने में लगे हैं, वे साधन कुछ भी हो सकते हैं, शायद, धन, पद, प्रतिष्ठा या और कुछ । यही कारण है कि उनके जीवन में कोई होली, कोई बसंत, कोई फूल, कोई रंग या सुरों का सच्चा सोंदर्य नहीं दिखाई देता। वे अपने लिए सबकुछ पहले ही निर्धारित कर चुके हैं । असल में वे कुछ नहीं करते उनके पालकों के दिमाग की बकवास उनका निर्माण कर रही है। बेचारे बच्चे, जीवन के प्रारंभ में ही जीवन से भाग रहे हैं, मुझे उनकी चिंता है। भगवान् उनको सद्बुद्धि दे ताकि वे जीवन के  असली रंग में सराबोर हो सकें। वे होली का सही अर्थ जान सकें कि होली का उल्लास एक दिन नहीं बल्कि जीवन भर का उल्लास बन जाए। इस होली पर आप सब के लिए मेरी यही शुभकामना है।
🙏रवि शाक्य🙏
संगीत एवं आध्यात्मिक गुरु।

No comments:

Post a Comment